नगर निगम का बड़ा एक्शन: खमतराई ब्रिज के पास राइजिंग मेन पाइपलाइन से लिया गया अवैध नल कनेक्शन काटा…NV News

Share this

NV News- रायपुर नगर पालिक निगम प्रशासन ने पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने और पानी की चोरी रोकने के लिए आज एक बड़ी कार्रवाई की है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे, जल कार्य विभाग अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू और निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के दिशा-निर्देशों पर नगर निगम की संयुक्त टीम ने त्वरित एक्शन लिया। टीम ने खमतराई ब्रिज के पास सीधे मुख्य राइजिंग मेन पाइपलाइन से अवैध रूप से लिए गए डायरेक्ट नल कनेक्शन को मौके पर पहुंचकर काट दिया। इस कार्रवाई से पानी चोरी करने वाले असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

मुख्य राइजिंग मेन पाइपलाइन से सीधे कनेक्शन लेने के कारण संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति का दबाव कम हो रहा था और दूषित पेयजल की समस्या भी बनी हुई थी। शिकायत मिलने पर नगर निगम जल कार्य विभाग के रावणभाठा फिल्टरप्लांट की विशेष टीम ने नगर निगम जोन क्रमांक 2 की टीम के साथ मिलकर संयुक्त रूप से छापा मारा। अधिकारियों ने मौके पर ही अवैध कनेक्शन को पूरी तरह से विच्छेद (डिस्कनेक्ट) कर दिया। निगम प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि इस तरह से मुख्य लाइनों से अवैध कनेक्शन लेकर सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान मैदानी स्तर पर अधिकारियों की पूरी टीम मुस्तैद रही। मौके पर नगर निगम जोन 2 के जोन कमिश्नर श्री संतोष पाण्डेय, जल विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री नर सिंह फरेन्द्र, जोन 2 के कार्यपालन अभियंता श्री पी. डी. धृतलहरे और फिल्टरप्लांट के सहायक अभियंता श्री योगेन्द्र कुमार देवांगन सहित रावणभाठा फिल्टरप्लांट और जोन 2 जल कार्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल की बर्बादी और अवैध कनेक्शनों की जानकारी तुरंत निगम मुख्यालय को दें।

Share this

You may have missed