स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान: नगर निगम ने डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में ‘चार डिब्बा सफाई प्रणाली’ के प्रति लोगों को किया जागरूक…NV News
Share this
NV News- Raipur स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2025-26 के अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम ने शहर को और अधिक स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर निगम जोन क्रमांक 2 के स्वास्थ्य विभाग द्वारा वीरांगना अवंती बाई लोधी वार्ड क्रमांक 6 के अंतर्गत आने वाली डब्ल्यूआरएस (वेगन रिपेयर शॉप) कॉलोनी में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों ने घर-घर जाकर रहवासियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रावधानों की जानकारी दी और कचरा प्रबंधन की नई तकनीकों से अवगत कराया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ‘चार डिब्बा सफाई प्रणाली’ (4-Bin Waste Segregation System) के प्रति जागरूक करना था। वार्ड पार्षद व नगर निगम सभापति श्री सूर्यकांत राठौड़ के आदेशानुसार और जोन कमिश्नर श्री संतोष पाण्डेय के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री रवि लावनिया के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम को अमलीजामा पहनाया गया। स्वच्छता दीदियों ने रहवासियों को समझाया कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को सीधे कचरा गाड़ी में फेंकने के बजाय पहले ही चार अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर रखें, ताकि उसका सही तरीके से निपटान और रीसाइक्लिंग की जा सके।
जागरूकता अभियान के दौरान सफाई मित्रों ने कचरे को अलग-अलग करने का बेहद सरल तरीका बताते हुए चार विशेष रंगों के डस्टबिन के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि:
हरा डस्टबिन: गीले कचरे (रसोई का कचरा, फलों-सब्जियों के छिलके) के लिए।
नीला डस्टबिन: सूखे कचरे (प्लास्टिक, कागज, गत्ता, कांच) के लिए।
लाल डस्टबिन: विशेष देखभाल वाले कचरे (ई-वेस्ट, दवाइयां, घरेलू हानिकारक कचरा) के लिए।
काला डस्टबिन: सेनेटरी वेस्ट (डायपर, सैनिटरी पैड) के लिए।
नगर निगम की टीम ने डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के रहवासियों से विनम्र अपील की है कि वे इस प्रणाली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और रायपुर को देश की सबसे स्वच्छ राजधानी बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराएं।

