‘बुलडोजर’ वाला इंसाफ: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध मकान को किया जमींदोज, पुलिस और निगम की बड़ी कार्रवाई…NV News

Share this

भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई में सोमवार को एक बार फिर अपराधियों के अवैध साम्राज्य पर बुलडोजर गरजा। नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी किशोर चौहान के अवैध निर्माण पर नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कड़ी कार्रवाई की। भिलाई-तीन थाना क्षेत्र के पुरैना में स्थित आरोपी के मकान को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के ‘अपराध पर ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।

शासकीय भूमि पर था अवैध कब्जा

पुलिस के अनुसार, आरोपी किशोर चौहान ने शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का मकान बनाया था। आरोपी के खिलाफ हाल ही में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का संगीन मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद पुलिस उसकी अन्य गतिविधियों की जांच कर रही थी। जांच में पाया गया कि उसका निवास पूरी तरह से अवैध है, जिसके बाद नगर निगम भिलाई-तीन ने ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया और सोमवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पीला पंजा चलाकर उसे ढहा दिया गया।

अपराधियों में खौफ का माहौल

इस कार्रवाई के दौरान भिलाई-तीन पुलिस और निगम के आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में भय पैदा होगा और यह संदेश जाएगा कि जघन्य अपराध करने वालों के अवैध निर्माणों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में काफी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Share this

You may have missed