सपना हुआ साकार: ग्रामीण के बुलावे पर गृह प्रवेश कराने पहुंचे मुख्यमंत्री, पूछा- “आवास किसने भेजा?” मोहन बोले- “मोदी जी ने”…NV News

Share this

कबीरधाम। कबीरधाम जिले के ग्राम लोखान में आज एक अत्यंत भावनात्मक और जनसरोकारों से जुड़ा दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने एक सामान्य ग्रामीण मोहन मरावी के सादे निमंत्रण को न केवल स्वीकार किया, बल्कि उसके नए पक्के घर का विधिवत गृह प्रवेश कराकर इस पल को यादगार बना दिया। मुख्यमंत्री की इस सादगी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रदेश का मुखिया सीधे तौर पर जनता के सुख-दुख से जुड़ा हुआ है।

ग्राम लोखान निवासी मोहन मरावी ने जैसे ही सुना कि मुख्यमंत्री गांव के दौरे पर हैं, वे सीधे उनके पास पहुंचे और अपने नए घर के गृह प्रवेश का न्योता दे दिया। मुख्यमंत्री ने उसी सहजता के साथ निमंत्रण स्वीकार किया और मोहन के घर पहुंचकर नारियल फोड़ा और दीप प्रज्वलित कर गृह प्रवेश की रस्म संपन्न कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए मोहन से पूछा— “आवास कोन भेजिस?” जिस पर मोहन ने पूरे भरोसे के साथ उत्तर दिया— “मोदी जी ने।” यह छोटा सा संवाद प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता और जनता के विश्वास को बयां कर गया।

मोहन मरावी ने बताया कि उनका यह घर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2024-25 में स्वीकृत हुआ था। पहले वे कच्चे मकान में रहते थे, लेकिन योजना की मदद और अपने कड़े परिश्रम से उन्होंने खुद ईंटें बनाकर चार कमरों का यह सुदृढ़ पक्का घर तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने घर की गुणवत्ता और मोहन की मेहनत की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जब शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं और उसमें व्यक्ति का अपना श्रम जुड़ता है, तभी आत्मनिर्भरता का वास्तविक स्वरूप सामने आता है।

मुख्यमंत्री ने पूरे परिवार को नए घर की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मोहन को योजना के तहत तीन किस्तों में राशि प्राप्त हुई, जिसका उन्होंने पूरी जिम्मेदारी से उपयोग किया। मुख्यमंत्री का यह मानवीय व्यवहार न केवल लोखान गांव के लिए प्रेरणा बन गया, बल्कि यह ‘मोदी की गारंटी’ के जमीनी क्रियान्वयन की एक सुखद झलक भी पेश करता है।

Share this