‘हमें क्यों नहीं मिल रही शनिवार की छुट्टी?’ लोक अभियोजन निदेशालय के कर्मचारियों ने सरकार से पूछा सवाल…NV News
Share this
NV News- नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू की गई पांच कार्यदिवस (Five-day week) की व्यवस्था पर अब सवाल उठने लगे हैं। नवा रायपुर स्थित लोक अभियोजन निदेशालय (Directorate of Public Prosecution) के कर्मचारियों ने शनिवार की छुट्टी न मिलने पर गहरा असंतोष व्यक्त किया है। कर्मचारियों का कहना है कि जब शासन के अन्य सभी प्रमुख विभागों और संचालनालयों में शनिवार को अवकाश रहता है, तो उनके विभाग के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है? इस विसंगति को लेकर कर्मचारियों ने अब लामबंद होना शुरू कर दिया है।
कर्मचारियों के मुताबिक, राज्य शासन ने कामकाज में कसावट लाने और कर्मचारियों को परिवार के साथ समय बिताने के उद्देश्य से शनिवार की छुट्टी घोषित की थी। हालांकि, लोक अभियोजन निदेशालय के स्टाफ को इस सुविधा से वंचित रखा गया है। उनका तर्क है कि वे भी मंत्रालय और अन्य विभागाध्यक्ष कार्यालयों की तरह ही नवा रायपुर के इंद्रावती या महानदी भवन परिसर के अंतर्गत आते हैं, ऐसे में उन पर अलग नियम थोपना समझ से परे है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराएंगे।
इस मामले में विभाग के निचले स्तर के कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों तक में भारी नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि एक ही परिसर में काम करने वाले अन्य विभागों के लोग शनिवार का अवकाश मनाते हैं, जबकि उन्हें नियमित रूप से कार्यालय आना पड़ता है। इससे न केवल उनके मनोबल पर असर पड़ रहा है, बल्कि प्रशासनिक समानता के सिद्धांतों का भी उल्लंघन हो रहा है। अब देखना होगा कि शासन इस प्रशासनिक विसंगति को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है या कर्मचारियों का यह मौन प्रदर्शन उग्र आंदोलन में तब्दील होता है।
