मरीन ड्राइव पर निगम का ‘हथौड़ा’, 18 ठेले जब्त और 30 दुकानों का सामान सड़क से हटाया…NV News
Share this
NV News रायपुर: राजधानी के सबसे व्यस्त और लोकप्रिय क्षेत्र तेलीबाँधा मरीन ड्राइव (मरीन ड्राइव चौक) को आज नगर पालिक निगम जोन 3 की टीम ने अतिक्रमण मुक्त कर दिया। निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार और जोन कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में यह बड़ी कार्रवाई की गई। मरीन ड्राइव चौक पर अवैध रूप से कब्जा जमाए 18 ठेलों को जब्त किया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को चलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस कार्रवाई से मरीन ड्राइव क्षेत्र अब काफी खुला और व्यवस्थित नजर आ रहा है।
सड़क को चौड़ा करने और यातायात सुगम बनाने के लिए निगम की टीम ने मरीन ड्राइव चौक के आसपास की लगभग 30 दुकानों पर भी कड़ा एक्शन लिया। इन दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सड़क पर कूलर, पंखे और अन्य सामान रखकर कब्जा कर लिया था, जिससे रोज शाम को यहाँ भारी जाम की स्थिति निर्मित होती थी। कार्यपालन अभियंता श्री ईश्वर लाल टावरे और सहायक अभियंता श्री नरेश साहू की मौजूदगी में इन सभी सामानों को पुलिस बल के सहयोग से जब्त कर लिया गया।
इस अभियान के दौरान नगर निवेश विभाग और तेलीबाँधा थाना पुलिस का भारी अमला मौजूद रहा। उपअभियंता श्री अक्षय भारद्वाज ने बताया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद दुकानदार सड़क पर सामान रख रहे थे, जिसके चलते यह कड़ा कदम उठाना पड़ा। इस त्वरित कार्रवाई से मरीन ड्राइव आने वाले आमजनों और पर्यटकों को यातायात जाम से बड़ी राहत मिली है। निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण किया गया, तो और भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
