रायपुर नगर निगम सख्त: जोन 8 में 31 मार्च तक शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के निर्देश, घर-घर अभियान तेज…NV News

Share this

रायपुर: रायपुर नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम के अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने जोन 8 में राजस्व वसूली अभियान की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को 31 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेशानुसार अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय जोन 8 महोबा बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल सहित सभी राजस्व निरीक्षकों और सहायक राजस्व निरीक्षकों के साथ बैठक की।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जोन 8 के सभी 7 वार्डों में घर-घर और दुकान-दुकान जाकर फील्ड में उतरकर राजस्व वसूली की जाए। किसी भी स्थिति में कोई भी घर या दुकान 31 मार्च तक वसूली से छूटना नहीं चाहिए।

अपर आयुक्त ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करना नगर निगम हित में सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय रूप से मैदान में उतरना होगा।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी सहायक राजस्व निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और हर हाल में लक्ष्य पूरा करें।

Share this

You may have missed