रायपुर नगर निगम की अनूठी पहल: स्वच्छता के सिपाहियों के बीच सजा ‘मैत्री क्रिकेट मैच’, स्वास्थ्य विभाग इलेवन ने मारी बाजी…NV News

Share this

रायपुर: राजधानी रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने वाले हाथों ने आज क्रिकेट के मैदान पर अपना जौहर दिखाया। नगर पालिक निगम रायपुर के स्वास्थ्य विभाग और रामकी कंपनी के बीच नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में एक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। महापौर श्रीमती मीनल चौबे और आयुक्त श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में आयोजित इस मैच का उद्देश्य स्वच्छता कार्य में लगे कर्मचारियों के मानसिक तनाव को कम करना और आपसी समन्वय बढ़ाना था।

मैदान पर चला बल्ला: 126 रनों से जीती निगम की टीम

10 ओवरों के इस रोमांचक मुकाबले में नगर निगम स्वास्थ्य विभाग इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 180 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामकी कंपनी की टीम मात्र 54 रन ही बना सकी और निगम की टीम ने 126 रनों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता व उपविजेता टीमों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।

झोला और बर्तन बैंक: पर्यावरण बचाने की अपील

मैच के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। गायत्री सुनील चंद्राकर ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए झोला बैंक (जय माता दी स्वसहायता समूह) और बर्तन बैंक (प्रगति महिला स्वसहायता समूह) के स्टालों का निरीक्षण किया।

अपील: उन्होंने नागरिकों से प्लास्टिक मुक्त रायपुर बनाने के लिए झोला बैंक और शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में बर्तन बैंक का उपयोग करने की विनम्र अपील की।

उपस्थिति: इस अवसर पर एमआईसी सदस्य श्री नंदकिशोर साहू, जोन अध्यक्ष श्री गज्जू साहू, नोडल अधिकारी श्री योगेश कडु सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share this

You may have missed