छत्तीसगढ़ संकल्प बजट: रायपुर के लिए 458 करोड़ का भारी-भरकम प्रावधान; कैनॉल रोड 2.0 और भूमिगत विद्युतीकरण से बदलेगी शहर की सूरत…NV News

Share this

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 के ‘संकल्प बजट’ में राजधानी रायपुर के कायाकल्प के लिए 458 करोड़ रुपये का महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने इस बजट की सराहना करते हुए इसे रायपुर के संतुलित विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से शहर के यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। महापौर ने रायपुर की जनता की ओर से राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।

बजट की प्रमुख घोषणाओं में ‘मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना’ के तहत 210.93 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण ‘कैनॉल रोड 2.0’ का निर्माण है, जो कलर्स मॉल के पीछे से भाटागांव तक 4.5 किमी लंबा होगा। यह मार्ग एनएच-53 के समानांतर विकसित किया जाएगा, जिससे संतोषीनगर और पचपेड़ी नाका के ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही महादेव घाट रोड के चौड़ीकरण और कचना से वीआईपी रोड तक नई कनेक्टिविटी के लिए भी करोड़ों का फंड आवंटित किया गया है।

शहर के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 245 करोड़ रुपये की लागत से छह प्रमुख मार्गों पर भूमिगत विद्युतीकरण (Underground Electrification) का कार्य किया जाएगा। इसमें टाटीबंध से आमापारा, जेल रोड और महादेव घाट रोड जैसे व्यस्त इलाके शामिल हैं। साथ ही, सड्डू में 38.93 करोड़ की लागत से बनने वाली आधुनिक पानी टंकी और सप्रे शाला व जे.एन. पांडेय स्कूल के उन्नयन से नागरिक सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि नगर निगम रायपुर इन सभी परियोजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बजट में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए ग्रास मेमोरियल मैदान हेतु 15 करोड़ और बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड के सुदृढ़ीकरण हेतु 20 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। महापौर के अनुसार, यह बजट न केवल अधोसंरचना विकास करेगा, बल्कि रोजगार और महिला सशक्तिकरण के अवसरों को भी बढ़ावा देगा।

Share this

You may have missed