मेयर कप क्रिकेट: राकेश बेहरा के ऑलराउंड प्रदर्शन से जोन 6 की धमाकेदार जीत, जोन 9 को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश…NV News

Share this

रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित ‘मेयर कप क्रिकेट स्पर्धा’ में नगर निगम जोन 6 की टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए जोन 9 की टीम को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है। इस शानदार जीत के साथ ही जोन 6 ने प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। नेताजी सुभाषचन्द्र बोस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जोन 6 की टीम ने हर विभाग में प्रतिद्वंद्वी टीम को पीछे छोड़ दिया।

मैच के हीरो राकेश बेहरा रहे, जिन्होंने अपने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। जोन 9 की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 8.2 ओवर में ही ऑलआउट हो गई, जिसमें राकेश ने घातक गेंदबाजी करते हुए केवल 3 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इसके बाद बल्लेबाजी में भी उन्होंने विस्फोटक अंदाज दिखाते हुए मात्र 11 गेंदों में 3 छक्के और 3 चौके जड़कर नाबाद 30 रन बनाए और टीम को 2.4 ओवर में ही जीत दिला दी।

शानदार प्रदर्शन के लिए राकेश बेहरा को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया। नगर निगम खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के अध्यक्ष श्री नंदकिशोर साहू ने एमआईसी सदस्यों और पार्षदों की उपस्थिति में उन्हें ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय और कार्यपालन अभियंता गजाराम कँवर सहित निगम के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुँच गई है। आज यानी 26 फरवरी को शाम 6 बजे से जोन 1 और जोन 7 के बीच पहला क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। इसके तुरंत बाद रात 8 बजे से जोन 2 और जोन 4 की टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए एक-दूसरे से भिड़ेंगी। सभी मैच दूधिया रोशनी में नेताजी सुभाषचन्द्र बोस स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे हैं।

Share this

You may have missed