CG News: थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, छत्तीसगढ़ के युवाओं के पास 1 अप्रैल तक मौका; यहाँ जानें पूरी प्रक्रिया…NV News

Share this

भारतीय थल सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देख रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर ने ‘अग्निपथ योजना’ के तहत वर्ष 2026-27 के लिए अग्निवीर भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (GD), तकनीकी, क्लर्क, स्टोर कीपर और ट्रेड्समैन जैसे विभिन्न पदों पर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अविवाहित पात्र पुरुष और महिला उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

थल सेना द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार भारतीय थल सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते अपना फॉर्म भर लें, क्योंकि इसके बाद आवेदन का कोई अवसर नहीं मिलेगा।

पात्रता मानदंडों की बात करें तो, इन पदों के लिए उम्मीदवारों की आयु 17.5 वर्ष से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए (उम्मीदवार का जन्म 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के बीच होना अनिवार्य है)। शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार 8वीं, 10वीं और 12वीं पास निर्धारित की गई है। भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी—पहले चरण में ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) होगी, जो 1 जून से 16 जून 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा (Rally) और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।

सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों को आगाह किया है कि भर्ती पूरी तरह से पारदर्शी और मेरिट के आधार पर होती है, इसलिए वे किसी भी दलाल या बिचौलियों के झांसे में न आएं। आवेदन के लिए 250 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। भर्ती से जुड़ी किसी भी विस्तृत जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए अभ्यर्थी सेना की वेबसाइट पर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों या अपने नजदीकी जिला मुख्यालय के रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Share this

You may have missed