रायपुर: मौदहापारा संडे बाजार के लिए नई गाइडलाइन जारी, व्यापारियों को ID कार्ड रखना अनिवार्य, सुबह 10 बजे तक ही लगेगा बाजार…NV News
Share this
रायपुर, राजधानी के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक मौदहापारा में लगने वाले ‘संडे बाजार’ को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम रायपुर ने कड़े नियम लागू कर दिए हैं। महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निर्देश पर नगरीय नियोजन विभाग के अध्यक्ष श्री मनोज वर्मा ने पुलिस और निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर नई व्यवस्था की घोषणा की। अब संडे बाजार में केवल स्थानीय व्यापारियों को ही प्राथमिकता दी जाएगी और उन्हें अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र (ID Card) साथ रखना होगा।
बाजार के लिए तय की गई सीमा और समय
नई व्यवस्था के अनुसार, संडे बाजार अब केके मार्ग पर मौदहापारा पुलिस थाने के सामने से लेकर मस्जिद के सामने तक ही लगाया जा सकेगा।
रोड मार्किंग: व्यापारियों को सड़क किनारे की गई सफेद रोड मार्किंग के भीतर ही अपनी दुकान लगानी होगी। सड़क पर सामान फैलाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
समय सीमा: अब व्यापारी केवल सुबह 10 बजे तक ही अपना व्यवसाय कर सकेंगे, ताकि उसके बाद यातायात सुगम हो सके।
पार्किंग और सफाई की नई व्यवस्था
बाजार में आने वाले ग्राहकों के लिए भी नियम स्पष्ट किए गए हैं। यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए दुर्गा कॉलेज के पास स्थित श्री महाबीर गौशाला कॉम्प्लेक्स को पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। एएसपी यातायात श्री विवेक शुक्ला ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क पर अवैध पार्किंग या कचरा फैलाया गया, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम और पुलिस की अपील
नगर निवेशक श्री आभास मिश्रा और जोन 2 कमिश्नर श्री संतोष पाण्डेय ने व्यापारियों से अपील की है कि वे शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखें और यातायात को बाधित न करें। बैठक में उपस्थित लगभग 100 फेरीवालों को स्पष्ट कर दिया गया है कि नियमों का उल्लंघन होने पर बाजार लगाने की अनुमति रद्द की जा सकती है। इस पहल का उद्देश्य राजधानी की सड़कों पर बढ़ते दबाव को कम करना और नागरिकों को जाम से मुक्ति दिलाना है।
