Municipal News: नगर निगम की MIC बैठक में बवाल, सभापति की मौजूदगी पर पार्षदों में तीखी बहस

Share this

बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम में मंगलवार को आयोजित मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक उस समय विवादों में आ गई, जब सभापति की मौजूदगी को लेकर एमआईसी सदस्यों के बीच तीखी बहस हो गई। बैठक के दौरान एक एमआईसी सदस्य ने खुले तौर पर सभापति की बैठक में मौजूदगी पर सवाल खड़े करते हुए उन्हें बैठक में बैठने का अधिकार न होने की बात कह दी।

दरअसल, यह विवाद तीन महीने पहले हुई सामान्य सभा की बैठक से जुड़ा बताया जा रहा है। उस समय सभापति विनोद सोनी ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार को पीछे की सीट पर बैठने के लिए कहा था। इसी पुरानी नाराजगी का असर मंगलवार को हुई एमआईसी बैठक में देखने को मिला।

जब सभापति विनोद सोनी एमआईसी की बैठक में पहुंचे, तो एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार ने उनकी उपस्थिति पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सभापति को एमआईसी की बैठक में शामिल होने का कोई अधिकार नहीं है। इस मुद्दे को लेकर बैठक में माहौल गर्मा गया।

बताया जा रहा है कि इस दौरान महापौर पूजा विधानी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और सभी एमआईसी सदस्य बैठक में मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस चली। सभापति विनोद सोनी ने तर्क दिया कि उनसे पहले के सभापति भी एमआईसी की बैठकों में शामिल होते रहे हैं, तब किसी ने आपत्ति नहीं की।

विवाद बढ़ने पर नगर निगम के सचिव राजेंद्र अवस्थी से नियम-कानून की जानकारी ली गई। सचिव ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार एमआईसी की बैठक में केवल महापौर और एमआईसी सदस्य ही शामिल हो सकते हैं।

इस स्पष्टीकरण के बाद एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार ने अपनी बात पर जोर देते हुए सभापति को बैठक में शामिल न किए जाने की मांग दोहराई। हालांकि तीखी बहस के बावजूद बैठक की कार्यवाही जारी रही।

बैठक में शहर के विकास से जुड़े कुल 52 महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई और अंततः सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई।

Share this

You may have missed