Political News: साय कैबिनेट की अहम बैठक शुरू, स्वास्थ्य–शिक्षा से लेकर कर्मचारियों पर हो सकती है बड़ी चर्चा

Share this

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय स्थित महानदी भवन में साय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। यह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह साल 2025 के अंतिम दिन आयोजित हो रही है और सरकार 2026 की शुरुआत से पहले कई लंबित मुद्दों पर अहम निर्णय ले सकती है।

कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और शासकीय कर्मचारियों से जुड़े प्रस्तावों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही कमिश्नरी प्रणाली, धर्मांतरण संशोधन विधेयक और जमीन रजिस्ट्री से संबंधित मामलों पर भी आवश्यक फैसले लिए जा सकते हैं।

मुख्य सचिव विकास शील ने सभी विभागीय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव समय पर तैयार कर सचिवालय को उपलब्ध कराएं, ताकि बैठक में उन पर प्रभावी निर्णय लिया जा सके।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बैठक में नई योजनाओं की रूपरेखा, लंबित विकास कार्यों की समीक्षा, प्रशासनिक सुधार, कर्मचारियों से जुड़े प्रस्ताव और आगामी वित्तीय वर्ष 2026 की तैयारियों को लेकर भी चर्चा संभव है। माना जा रहा है कि इस बैठक के फैसले राज्य की प्रशासनिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Share this

You may have missed