Administrative Action: वर्दी में आस्था प्रदर्शन पड़ा महंगा, टीआई लाइन अटैच; वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

Share this

रायपुर। पुलिस प्रोटोकॉल और अनुशासन को दरकिनार कर वर्दी में व्यक्तिगत आस्था का प्रदर्शन करना थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। माना स्थित स्टेट हैंगर पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के स्वागत के दौरान थाना प्रभारी मनीष तिवारी ने पहले उन्हें सेल्यूट किया और इसके बाद वर्दी में ही टोपी और जूते उतारकर उनके चरण स्पर्श कर लिए। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

 

जानकारी के अनुसार, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दुर्ग जिले के भिलाई में 25 दिसंबर से 29 दिसंबर तक आयोजित हनुमंत कथा कार्यक्रम में शामिल होने चार्टर प्लेन से रायपुर पहुंचे थे। स्टेट हैंगर पर उनके स्वागत के लिए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब भी मौजूद थे। इसी दौरान माना थाना प्रभारी मनीष तिवारी वहां उपस्थित थे।

 

चार्टर प्लेन से जैसे ही पंडित धीरेंद्र शास्त्री उतरे, थाना प्रभारी मनीष तिवारी ने औपचारिक रूप से उन्हें सेल्यूट किया, लेकिन इसके बाद वर्दी की गरिमा और पुलिस अनुशासन को नजरअंदाज करते हुए उन्होंने टोपी और जूते उतारकर श्रद्धा भाव से उनके पैर छू लिए। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब 56 सेकेंड का है, जिसने पुलिस महकमे में अनुशासन और प्रोटोकॉल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

पुलिस नियमों के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात अधिकारी वर्दी में केवल निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही अभिवादन कर सकते हैं। सार्वजनिक स्थान पर वर्दी में व्यक्तिगत आस्था का इस तरह प्रदर्शन करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने थाना प्रभारी मनीष तिवारी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।

 

इसके साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि संबंधित थाना प्रभारी की स्टेट हैंगर पर आधिकारिक ड्यूटी थी या नहीं और वे किस आदेश के तहत वहां पहुंचे थे। जांच में यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो उनके खिलाफ और कड़ी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

 

पहले भी विवादों में रहे हैं टीआई

थाना प्रभारी मनीष तिवारी इससे पहले भी अपने आचरण को लेकर विवादों में रह चुके हैं। कुछ समय पहले एक आरोपी अमित बघेल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कस्टडी में उससे हाथ मिलाते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस मामले में भी विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन अटैच किया गया था।

Share this

You may have missed