Dharmendra Pradhan Resigns : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा; पीएम मोदी को भेजा पत्र, जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के बाद बड़ा फैसला…NV News
Share this
NV News 25 जुलाई 2026। NEET-UG परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर देशभर में जारी भारी विवाद और दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई हफ्तों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया है।
सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे का सार्वजनिक ऐलान करते हुए उन्होंने एक विस्तृत पत्र साझा किया और पद छोड़ने के कारणों की जानकारी दी।
चिट्ठी में लिखा- ‘युवाओं का भविष्य राजनीति में न उलझे’
प्रधानमंत्री को भेजी अपनी चिट्ठी में धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि वह पिछले चार दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधारों के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक मजबूत और समावेशी शिक्षा व्यवस्था ही देश की आधारशिला है।
इस्तीफे पर धर्मेंद्र प्रधान का बयान:
“पिछले 10 दिनों के घटनाक्रम को देखकर मेरा मन बेहद दुखी है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं है, बल्कि देश की युवाशक्ति के भविष्य का सवाल है। जंतर-मंतर और देशभर में बने हालात को देखते हुए—ताकि राष्ट्रविरोधी ताकतें इसका फायदा न उठा सकें और छात्रों का भविष्य कानूनी जटिलताओं में न फंसे—मैंने यह निर्णय लिया है।”
NEET-UG गड़बड़ी और सीबीआई जांच का जिक्र
पत्र में उन्होंने बताया कि 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायत मिलते ही सरकार ने तुरंत संज्ञान लिया था, मामले की जांच सीबीआई (CBI) को सौंपी और परीक्षा सुधार के कड़े कदम उठाए। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अगले वर्ष से इस परीक्षा को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है।
हालांकि, जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) और विभिन्न छात्र संगठनों के लगातार उग्र प्रदर्शन और दबाव के बाद आखिरकार उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया।

