Teacher Crime: शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण, गर्भपात के बाद विवाह से मुकरा शिक्षक, FIR दर्ज

Share this

बिलासपुर। एक शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आई है, जिसमें उसने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया, शारीरिक संबंध बनाए और गर्भवती होने पर मंदिर में कथित रूप से विवाह कर गर्भपात करा दिया। इसके बाद आरोपी शिक्षक ने शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पीड़िता ने महिला थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात करीब सात–आठ महीने पहले यदुनंदन नगर स्थित एक कैफे में आरोपी शिक्षक संजय से हुई थी। आरोपी अंबिकापुर में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। परिचय के बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं।

 

युवती का आरोप है कि 8 जून को आरोपी उसे अपने घर ले गया और शादी का प्रस्ताव देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने गर्भ ठहरने की जानकारी दी, तो आरोपी उसे पाली के एक शिव मंदिर ले गया, जहां अपने एक दोस्त की मौजूदगी में विवाह किया। आरोपी ने घर में भी यह बात कही कि दोनों ने मंदिर में शादी कर ली है।

 

पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। आरोपी की बातों में आकर उसने दवा के जरिए एक महीने के भ्रूण का गर्भपात करवा लिया। इसके बाद आरोपी शादी की बात पर टालमटोल करने लगा और अंततः विवाह से इनकार कर दिया।

 

पीड़िता ने आरोपी की मौसी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपी की मौसी, जो महिला थाने की रक्षा टीम में पदस्थ है, युवती को लगातार धमका रही थी। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक और उसकी मौसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Share this

You may have missed