Road Safety News: न्यू ईयर से पहले पुलिस का सख्त एक्शन, नशे में वाहन चलाने वालों पर गिरी गाज

Share this

कोरबा। आगामी क्रिसमस और न्यू ईयर को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में क्रिसमस से एक दिन पहले जिलेभर में वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस ने इस अभियान में कुल 22 वाहनों को जब्त कर संबंधित न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।

पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज गति से वाहन दौड़ाने, बिना हेलमेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सख्ती बरती जा रही है। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर को जिले के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की चेकिंग की गई, जिसमें शराब के नशे में वाहन चला रहे 22 चालकों को पकड़कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this