Crime News: भाजपा नेता हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार

Share this

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जनपद सदस्य एवं भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी मुस्ताक अहमद सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश, क्षेत्र में वर्चस्व कमजोर पड़ना और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा प्रमुख कारण रहे हैं।

 

पहले भी हो चुकी थी हत्या की कोशिश

जांच में सामने आया है कि मृतक अक्षय गर्ग और मुख्य आरोपी मुस्ताक अहमद के बीच पूर्व में विवाद और हाथापाई हो चुकी थी। आरोपियों ने बीते एक सप्ताह में दो बार अक्षय गर्ग की हत्या का प्रयास किया था, लेकिन दोनों बार योजना असफल रही।

 

साइट निरीक्षण के दौरान किया गया हमला

कटघोरा के कारखाना मोहल्ला निवासी अक्षय गर्ग (49 वर्ष), पिता राधेश्याम गर्ग, गुरुवार सुबह अपनी इनोवा कार से ग्राम केसलपुर पहुंचे थे। यहां वे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।

सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वे वाहन से उतरे, पीछे से एक सफेद कार में सवार चार हमलावर मौके पर पहुंचे। इनमें से दो आरोपी कुल्हाड़ी और चाकू लेकर उतरे और अक्षय गर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए।

 

हमले में कट गई उंगली, रास्ते में तोड़ा दम

हमले के दौरान अक्षय गर्ग ने खुद को बचाने का प्रयास किया, जिसमें उनके हाथ की एक उंगली कटकर अलग हो गई। यह पूरी वारदात मौके पर मौजूद मजदूरों के सामने हुई।

मजदूरों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद बाजार बंद, भारी आक्रोश

घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए अपनी दुकानें बंद कर दीं।

सूचना मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी और रेंज आईजी संजीव शुक्ला मौके पर पहुंचे और जिलेभर में नाकेबंदी कर दी गई। देर रात पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली।

 

50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने संभाली जांच

हत्या की जांच के लिए करीब 50 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने घटनास्थल पर डेरा डाला। एसपी सिद्धार्थ तिवारी और आईजी संजीव शुक्ला स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे थे, जिसके चलते 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की बात कही है।

 

सुरक्षा के बीच हुआ अंतिम संस्कार

भाजपा नेता अक्षय गर्ग का शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के बीच कटघोरा के मालदा घाट में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में सैकड़ों लोग शामिल हुए।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, पूर्व महापौर जोगेश लांबा सहित कई भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

अक्षय गर्ग की पत्नी संगीता गर्ग हैं। उनकी बेटी नैना पुणे में बीसीए की पढ़ाई कर रही है, जबकि आठ वर्षीय बेटा आयुष्मान है। पिता की हत्या की सूचना मिलते ही बेटी देर रात घर पहुंची। उनके भाई अभय गर्ग ठेकेदारी कार्य में उनका सहयोग करते थे।

Share this

You may have missed