SIR Name cut: ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 27 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कटे, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव आयोग द्वारा ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार राज्य में कुल 27 लाख 34 हजार 817 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इनमें 6 लाख 42 हजार 234 मतदाता मृत पाए गए, जबकि 19 लाख 13 हजार 540 मतदाता अनुपस्थित पाए गए हैं। इसके अलावा 1 लाख 79 हजार 43 मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर दर्ज पाए जाने के कारण हटाए गए हैं।
ड्राफ्ट सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। अब मतदाता सूची को लेकर दावा और आपत्ति की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है, जो 22 जनवरी तक चलेगी।
यदि किसी मतदाता का नाम नई मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। इसके साथ घोषणा पत्र भरना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित 13 प्रकार के वैध दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज को संलग्न करना होगा।
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा-आपत्ति दर्ज कराएं।

