Illegal paddy: अवैध धान खरीदी-बिक्री पर बड़ी कार्रवाई, 150 बोरी धान और माजदा वाहन जप्त
Share this
बिलासपुर। धान की अवैध खरीदी-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 150 कट्टी भरी धान की बोरियां और एक माजदा वाहन जप्त किया है। आरोपी द्वारा धान से संबंधित कोई भी वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धान को चोरी की मशरूका होने की आशंका के आधार पर जप्त किया गया।
पुलिस को दिनांक 21 दिसंबर 2025 को सूचना प्राप्त हुई थी कि माजदा वाहन क्रमांक CG 10 BV 6881 का चालक ग्राम खरगहनी (थाना कोटा) से अवैध रूप से धान की खरीदी कर उसे कृषि उपज मंडी में अवैध तरीके से बेचने के उद्देश्य से ग्राम तेन्दुभाठा (थाना रतनपुर) की ओर ले जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए उनके निर्देश पर थाना प्रभारी रतनपुर द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने ग्राम बारीडीह मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन में लदी 150 बोरी धान के संबंध में चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रथम दृष्टया धान के अवैध होने की आशंका पर BNSS की धारा 106 के तहत मौके पर ही वाहन सहित धान को जप्त किया गया।
जप्ती की सूचना तहसीलदार रतनपुर एवं खाद्य निरीक्षक को दी गई, जिनके द्वारा मौके पर पहुंचकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान खरीदी-बिक्री पर सख्त संदेश गया है।
