Doctor Protest: CRMC प्रोत्साहन राशि भुगतान के बाद खत्म हुआ डॉक्टरों का आंदोलन, OPD सेवाएं बहाल
Share this
नारायणपुर जिले में CRMC (छत्तीसगढ़ रूरल मेडिकल कोर) प्रोत्साहन राशि के भुगतान को लेकर पिछले सात दिनों से चल रहा डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का आंदोलन आखिरकार समाप्त हो गया है। भुगतान आदेश जारी होते ही जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में OPD सेवाएं पुनः सामान्य रूप से शुरू कर दी गई हैं। इस फैसले से आम मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
12 महीने से लंबित था भुगतान
जानकारी के अनुसार, CRMC प्रोत्साहन राशि का भुगतान बीते 12 महीनों से लंबित था। इसे लेकर नारायणपुर जिला अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और उपस्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ डॉक्टर, स्टाफ नर्स, RMA और ANM ने OPD सेवाओं का बहिष्कार करते हुए आंदोलन शुरू किया था।
आपात सेवाएं रहीं चालू
हालांकि आंदोलन के दौरान मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन डॉक्टरों ने आपातकालीन सेवाएं लगातार चालू रखीं। गंभीर मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया।
17 और 19 दिसंबर को मिली बड़ी राहत
स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 को ROP 2025–26 के अंतर्गत बजट की स्वीकृति दी गई। इसके बाद 19 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अपर संचालक द्वारा सभी जिलों के CMHO को CRMC भुगतान आदेश जारी किए गए। इसके बाद नारायणपुर जिले के स्वास्थ्यकर्मियों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
एकजुटता का परिणाम बताया आंदोलन
डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति या संगठन का नहीं था, बल्कि पूरे बस्तर संभाग के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की एकजुटता का परिणाम है। उनका कहना है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर प्रोत्साहन राशि मिलना उनका अधिकार है।
नेताओं और संगठनों का जताया आभार
डॉक्टरों ने माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार व्यक्त किया, जिनके हस्तक्षेप से भुगतान आदेश जारी हो सका। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज, विधायक संजारी-बालोद श्रीमती संगीता सिन्हा, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रमुख डॉ. राकेश गुप्ता के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया।
Chhattisgarh Doctors Federation, Junior Doctors Association, Indian Medical Association और मीडिया की भूमिका की भी सराहना की गई।
6 माह का भुगतान, फिर भी चेतावनी बरकरार
हालांकि डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान बजट से केवल लगभग छह माह की CRMC प्रोत्साहन राशि का ही भुगतान हो सकेगा, जबकि कुल बकाया अवधि 12 माह की है। शेष छह माह की राशि के लिए यदि जल्द बजट स्वीकृति नहीं मिली, तो 27 जनवरी 2026 से पुनः आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
फिलहाल भुगतान आदेश जारी होने से स्वास्थ्यकर्मियों में संतोष का माहौल है और OPD सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी गई हैं।
