Polio Vaccination Campaign: आज से शुरू हुआ पोलियो उन्मूलन अभियान, 5 साल तक के बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से पोलियो उन्मूलन अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई है। यह अभियान 23 दिसंबर तक चलेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य को पोलियो मुक्त बनाए रखना और शून्य से 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए प्रदेशभर में व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप्स से वंचित न रह जाए।

 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के पहले चरण में पोलियो बूथों के माध्यम से बच्चों को खुराक दी जा रही है। इसके बाद 22 और 23 दिसंबर को विशेष अभियान चलाकर घर-घर जाकर शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की टीमें तैनात की गई हैं।

 

अभियान के तहत बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाट-बाजार, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर भी पोलियो बूथ लगाए गए हैं, ताकि यात्रा कर रहे बच्चों को भी समय पर पोलियो की खुराक मिल सके। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है और सभी टीमों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो ड्रॉप्स पिलवाएं और अभियान में सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पोलियो की खुराक पूरी तरह सुरक्षित है और इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान बेहद जरूरी है।

Share this

You may have missed