बिसौनी में धरतीआबा बिरसा मुंडा की मूर्ति स्थापना की पहल, प्रयास फाउंडेशन के नेतृत्व में हुआ भूमि पूजन
Share this
बिसौनी | अचानकमार अभ्यारण्य अंतर्गत ग्राम बिसौनी में जननायक धरतीआबा बिरसा मुंडा की मूर्ति स्थापना हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यह कार्यक्रम आदिवासी समाज के महान नायक बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्ष और सामाजिक चेतना को स्मरण करने का सशक्त प्रतीक बना।
भूमि पूजन कार्यक्रम प्रयास स्मॉल स्टेप फाउंडेशन द्वारा संचालित निःशुल्क वनवासी पाठशाला के प्रांगण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही, जिससे आयोजन जनआस्था और सामाजिक एकता का केंद्र बन गया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य सुरेंद्र मरावी, महामाई ग्राम के सरपंच अमर सिंह धुर्वे, भूमि दानदाता भोग लाल बैगा एवं समुद्र बैगा सहित प्रयास फाउंडेशन की पूरी टीम उपस्थित रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने धरतीआबा बिरसा मुंडा के जल-जंगल-जमीन की रक्षा, आदिवासी अधिकारों और सामाजिक एकता के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया। साथ ही वनवासी अंचलों में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहे प्रयास स्मॉल स्टेप फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की गई।
फाउंडेशन द्वारा संचालित निःशुल्क वनवासी पाठशाला के माध्यम से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के प्रयासों को स्थानीय ग्रामीणों ने प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के अंत में धरतीआबा बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने और आने वाली पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
