मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस नेता पर हमला, गेस्ट हाउस में घुसकर बदमाशों ने की मारपीट, डेढ़ लाख की लूट

Share this

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले में कांग्रेस नेता अंकुर सिंह के साथ एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। कोटाडोल तिराहे स्थित शानवी गेस्ट हाउस में कुछ बदमाशों ने लॉज में घुसकर न सिर्फ नेता के साथ हाथापाई की, बल्कि करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट भी कर ली।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब कांग्रेस नेता गेस्ट हाउस में मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 15 से 20 की संख्या में बदमाश तीन गाड़ियों में सवार होकर मौके पर पहुंचे और अचानक लॉज के भीतर घुसकर हमला कर दिया। हमले में कांग्रेस नेता अंकुर सिंह समेत उनके साथ मौजूद अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जनकपुर थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Share this

You may have missed