अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई: प्रशासन ने 46 क्विंटल धान जब्त किया, दो व्यापारियों पर केस दर्ज
Share this
जांजगीर। जिले में अवैध धान खरीदी, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने प्रशासन का सख्त अभियान तेजी से जारी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर विशेष निगरानी टीमों ने मंगलवार को शिवरीनारायण तहसील में दो अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया है।
कार्यवाही के दौरान संयुक्त टीम ने ग्राम केरा स्थित मनीष ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान की जांच की, जहां 75 कट्टी यानी लगभग 30 क्विंटल धान बिना किसी वैध दस्तावेज के जमा पाया गया। इसके साथ ही शिवरीनारायण नगर में स्थित विनय जनरल स्टोर से 42 कट्टी (लगभग 16 क्विंटल) धान बरामद किया गया।
दोनों स्थानों से कुल 117 कट्टी यानी 46 क्विंटल अवैध धान जब्त करते हुए मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई दर्ज की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान खरीदी और परिवहन पर सख्त निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
