आज होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक: धर्मांतरण संशोधन कानून और किसानों की समस्याओं पर चर्चा संभव
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज साय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। यह बैठक महानदी भवन मंत्रालय में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। माना जा रहा है कि राज्य की नीतिगत और प्रशासनिक दिशा तय करने वाले कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, आज होने वाली बैठक में शीतकालीन सत्र को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। इसके साथ ही, धर्मांतरण संशोधन कानून पर कैबिनेट मुहर लगा सकती है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में पहले से ही चर्चाएं तेज हैं।
बैठक में राज्य के किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। धान खरीदी, किसानों को समय पर भुगतान, समर्थन मूल्य और खरीदी प्रक्रिया में सुधार जैसे विषय एजेंडा में शामिल रहेंगे। उम्मीद है कि किसानों को राहत देने के लिए कुछ बड़े फैसलों की घोषणा की जा सकती है।
इसके अलावा राज्य में कानून-व्यवस्था, विकास योजनाओं की प्रगति और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा भी की जाएगी। बैठक को लेकर पूरे प्रशासनिक तंत्र में हलचल तेज है और फैसलों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
