NH-43 पर स्कॉर्पियो की बोनट में रखकर काटा केक, सोनहत बीएमओ पर FIR दर्ज—वीडियो वायरल
Share this
कोरिया। नेशनल हाईवे-43 पर एक बार फिर लापरवाही और नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। सोनहत के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. अनिल बखला और उनके दोस्त का हाईवे पर स्कॉर्पियो की बोनट पर केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। घटना 28 नवंबर की रात गेज नदी के पास NH-43 की बताई जा रही है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कॉर्पियो वाहन को बीच सड़क पर रोककर केक काटा जा रहा है और आसपास पटाखे भी फोड़े जा रहे हैं। इस दौरान उनके दोस्त ‘हैप्पी बर्थडे’ गाते नजर आए। बताया जा रहा है कि यह स्थान ग्राम पंचायत रामपुर का है और वीडियो में डॉ. बखला भी मौजूद हैं
वायरल वीडियो के बाद FIR दर्ज
वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए डॉ. अनिल बखला और उनके साथी अल्तमस (निवासी रामपुर) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे की है जब स्कॉर्पियो क्रमांक CG 16 CR 0016 को सड़क पर रोककर जन्मदिन मनाया गया।
सड़क पर वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित हुआ, और पटाखे फोड़ने से अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वायरल वीडियो को प्रमाण मानते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और मोटरयान अधिनियम के तहत कई धाराओं में केस दर्ज किया है—
धारा 285 – विस्फोटक पदार्थ के प्रयोग में लापरवाही
धारा 288 – उपेक्षापूर्ण कृत्य से जन-जीवन को जोखिम
धारा 3(5) – लोकमार्ग पर अवरोध उत्पन्न करना
मोटरयान अधिनियम धारा 122 – वाहन को अनुचित ढंग से खड़ा करना
धारा 177 – यातायात नियमों का उल्लंघन
पुलिस ने कहा है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हाई कोर्ट के निर्देश के बाद ऐसे कई मामले दर्ज
सड़क पर स्टंट, रील और बर्थडे सेलिब्रेशन जैसे मामलों में हाई कोर्ट के सख्त निर्देश के बाद लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले—
- सरगुजा में डीएसपी तस्लीम आरिफ की पत्नी पर भी कार की बोनट पर बैठकर बर्थडे मनाने के मामले में FIR हुई थी।
- बिलासपुर में नेशनल हाईवे जाम कर रील बनाने वाले युवाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
- फिल्म अभिनेता संजय दत्त का जन्मदिन सड़क पर घेरकर मनाने वालों पर भी कार्रवाई हो चुकी है।
- हाल ही में चिरमिरी चौक पर स्वास्थ्य मंत्री के निज सचिव राजेंद्र दास और उनकी पत्नी पर भी FIR दर्ज हुई थी।
- खडगवां हायर सेकंडरी स्कूल के चौकीदार संग्राम सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जा चुका है।
