छत्तीसगढ़ आरआई भर्ती घोटाला: ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, दो अधिकारी गिरफ्तार

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजस्व निरीक्षक (RI) भर्ती घोटाले में नई कार्रवाई करते हुए ACB–EOW की टीम ने दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि दो दिन पहले एसीबी-ईओडब्ल्यू ने राज्य के अलग-अलग जिलों में एक साथ 19 ठिकानों पर छापेमारी की थी। पटवारी से आरआई बने अधिकारियों के परिसरों में की गई इस कार्रवाई के बाद दो अधिकारियों की गिरफ्तारी हुई है।

गिरफ्तार अफसरों में रायपुर आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालय के सहायक सांख्यिकी अधिकारी वीरेंद्र जाटव तथा उप आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालय के सहायक सांख्यिकी अधिकारी हेमंत कौशिक शामिल हैं। आरोप है कि दोनों ने मोटी रकम लेकर राजस्व निरीक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक किया और अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले ही उपलब्ध करा दिया।

एसीबी–ईओडब्ल्यू की संयुक्त टीम ने 19 नवंबर की तड़के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग समेत 7 जिलों में 19 ठिकानों पर छापा मारा था। यह कार्रवाई पटवारी से आरआई भर्ती में अनियमितताओं, अवैध संपत्ति अर्जन और संदिग्ध चयन प्रक्रियाओं की शिकायतों के आधार पर की गई थी।

जांच एजेंसी का कहना है कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ पर्याप्त एवं ठोस सबूत मिले हैं। 2024 में आयोजित पटवारी से आरआई प्रमोशन परीक्षा के दौरान पेपर लीक सहित गंभीर गड़बड़ियां सामने आई थीं। शिकायतों के बाद सरकार ने ACB-EOW को जांच सौंप दी थी।

छापेमारी के दौरान टीम ने परीक्षा संचालन समिति से जुड़े प्रश्नपत्र छपाई एवं वितरण से जुड़े कर्मचारियों, अफसरों और प्रमोशन में मदद करने वाले राजस्व अधिकारियों के घरों से डिजिटल साक्ष्य, लेन-देन से जुड़े एग्रीमेंट और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

फिलहाल एजेंसी दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this

You may have missed