SIR फॉर्म के नाम पर बढ़ी OTP ठगी: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की चेतावनी—“OTP मांगे तो समझें ठगी
Share this
रायपुर। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान SIR फॉर्म भरने वाले नागरिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सख्त चेतावनी जारी की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ ने स्पष्ट रूप से कहा है कि “SIR फॉर्म भरने के लिए OTP की कोई आवश्यकता नहीं होती। कोई भी अधिकारी या BLO कभी भी OTP नहीं मांगता। यदि कोई OTP मांगता है तो यह निश्चित रूप से ठगी का मामला है।”
मोबाइल नंबर सुरक्षित, लेकिन ठग सक्रिय:-
चुनाव कार्यालय ने बताया कि SIR फॉर्म में मोबाइल नंबर देना पूरी तरह सुरक्षित है। इसके बावजूद कुछ साइबर अपराधी फर्जी कॉल कर नागरिकों से OTP लेकर बैंक खाते, डिजिटल वॉलेट या मोबाइल ऐप से छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कारण नागरिकों को अधिक सतर्क रहने की अपील की गई है।
नागरिकों के लिए जरूरी निर्देश:-
फर्जी कॉलर्स को तुरंत मना करें: यदि कोई कॉल कर “SIR फॉर्म का OTP भेजें” कहे, तो तुरंत इंकार कर दें।
BLO से ही संपर्क करें: किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश के मामले में अपने मूल BLO से जानकारी की पुष्टि करें।
दबाव बने या धमकी मिले तो पुलिस में शिकायत: OTP मांगने, डराने या लगातार कॉल करने पर तुरंत नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं।
देशभर में जारी हुआ अलर्ट:-
कई राज्यों की पुलिस ने भी SIR फॉर्म के नाम पर हो रही OTP ठगी को लेकर चेतावनी जारी की है। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता ही इस तरह की ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
सहायता के लिए:-
📞 हेल्पलाइन: 1950
🌐 सोशल मीडिया: @CEOChhattisgarh (Facebook, X, Instagram)
