जांजगीर–चांपा में सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा एक्शन: एक घंटे की चेकिंग में 134 वाहन चालक पकड़े गए

Share this

जांजगीर–चांपा। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए जांजगीर यातायात पुलिस ने शुक्रवार 15 नवंबर को शाम 4 से 5 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। मात्र एक घंटे में पूरे जिले में की गई इस सघन कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 134 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले, ट्रिपल सवारी, बिना सीट बेल्ट, तेज रफ्तार, मोबाइल चलाते हुए ड्राइविंग करने वाले और अन्य एमवी एक्ट उल्लंघनकर्ता शामिल थे।

यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 3 वाहनों को जप्त किया और चालकों पर धारा 185 एमवी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।

चेकिंग के साथ-साथ पुलिस ने लोगों को हेलमेट के उपयोग, सुरक्षित गति, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल से दूर रहने और तीन सवारी से बचने जैसे नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में संचालित किया गया। जिले के प्रमुख मार्गों, हाईवे और शहर के अन्य स्थानों पर चेकिंग लगातार जारी है।

जांजगीर पुलिस की अपील:-

  1. बिना हेलमेट वाहन न चलाएं
  2. शराब पीकर वाहन न चलाएं
  3. ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें
  4. तेज गति से वाहन न चलाएं
  5. ट्रिपल सवारी से बचें
  6. मालवाहक वाहन में सवारी न बैठाएं

पुलिस का संदेश:

“यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित यात्रा करें और जिम्मेदार नागरिक बनें।”

Share this

You may have missed