जिला अस्पताल से हथकड़ी छुड़ाकर फरार हुआ ठगी का आरोपी, पुलिस फरार आरोपी की तलाश में

Share this

जांजगीर-चांपा: जिला अस्पताल में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब इलाज के लिए लाए गए बंदी वार्ड से एक ठगी का आरोपी हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया। फरार बंदी की पहचान पंचराम निषाद के रूप में हुई है, जिसे नवागढ़ पुलिस ने ठगी के एक मामले में गिरफ्तार किया था।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल चौकी में तैनात पुलिसकर्मी हरकत में आ गए और फरार बंदी की तलाश में जुट गए। बताया जा रहा है कि पंचराम निषाद के खिलाफ प्रदेश के कई जिलों में ठगी के मामले दर्ज हैं।

घटना को लेकर जिला जेल और जिला अस्पताल के अधिकारियों के बयानों में विरोधाभास भी सामने आया है। जेलर ने बताया कि बंदी का हाथ टूटा हुआ था और शनिवार को उसका प्लास्टर लगाया जाना था, जबकि सिविल सर्जन के अनुसार बंदी को बुखार और डायरिया की शिकायत थी, जिसके इलाज के लिए उसे अस्पताल लाया गया था।

जानकारी के अनुसार, पंचराम निषाद पहले भी जेल से फरार हो चुका है, और अब एक बार फिर उसकी फरारी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

Share this

You may have missed