जांजगीर में 65 लाख रुपये का गबन: पेट्रोल पंप कर्मचारी ने जुए में उड़ाए लाखों, पिता-भाई भी गिरफ्तार

Share this

जांजगीर: बम्हनीडीह पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारी नीरज कुमार साहू सहित उसके पिता और भाई को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी नीरज सारागांव रोड स्थित प्योर पेट्रोलियम पेट्रोल पंप में कार्यरत था। आरोप है कि उसने बिक्री की रकम में से करीब 65 लाख रुपये का गबन किया और पूरी राशि जुआ-सट्टा में हार दी।

जांच के दौरान सामने आया कि नीरज ने गबन की रकम में से कुछ हिस्सा अपने पिता लोचन प्रसाद साहू और भाई धीरज कुमार साहू को ट्रैक्टर की किश्त और घरेलू खर्च के लिए दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी से 50 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर जब्त किया है।

एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि पेट्रोल पंप मालिक गगन जयपुरिया ने 65 लाख रुपये के गबन की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने 26 जनवरी 2025 से 23 सितंबर 2025 के बीच योजनाबद्ध तरीके से रकम हड़पी। आरोपी 2022 से पंप पर कार्यरत था और बिक्री से लेकर बैंक में जमा तक की जिम्मेदारी उसी की थी। मालिक की ढीली निगरानी का लाभ उठाकर उसने लगातार रकम गबन की।

पूछताछ में नीरज ने बताया कि उसने अधिकांश रकम जुआ और सट्टा खेलने में गंवा दी। कुछ पैसा उसने अपने पिता और भाई को ट्रैक्टर की किश्त भरने और घर के खर्च के लिए दिया। तीनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी:

साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, एएसआई विवेक कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, विवेक सिंह, राजकुमार चंद्रा, गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, रोहित कहरा, माखन साहू, शहबाज अहमद, श्रीकांत सिंह, प्रतीक सिंह (साइबर सेल जांजगीर), बम्हनीडीह थाना प्रभारी एसआई केपी सिंह, प्रधान आरक्षक मिलन राठौर, सुनील सिंह, आरक्षक जयराम बिंझवार, शैलेन्द्र राठौर, दिलीप माथूर और सचेन्द्र साहू शामिल रहे।

Share this

You may have missed