CG Murder Case: प्रेम-प्रसंग बना मौत का सबब,बहन के सामने भाई ने किया प्रेमी का क़त्ल…NV News

Share this

दुर्ग/(CG Murder Case): छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक प्रेम प्रसंग ने गुरुवार सुबह खौफनाक रूप ले लिया। एक युवक की उसकी प्रेमिका के घर पर ही पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली वारदात युवती की आंखों के सामने हुई। हत्या का आरोप युवती के सगे भाई पर है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, यह घटना दुर्ग शहर के पटेलपारा इलाके की बताई जा रही है।मृतक धीरज सरोज (23) का एक युवती से प्रेम संबंध था। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे धीरज अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। उस वक्त घर में युवती अकेली थी। दोनों बातचीत कर रहे थे कि तभी युवती का भाई सिद्धार्थ अचानक घर पहुंच गया।

बता दें,भाई ने घर में धीरज को देखकर आपा खो दिया। उसने बहन से गुस्से में सवाल-जवाब करने के बाद धीरज पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ ने पास में रखी लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडे से धीरज की बेरहमी से पिटाई कर दी। युवती ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन भाई का गुस्सा इतना बढ़ चुका था कि उसने सुनना ही बंद कर दिया। कुछ ही मिनटों में धीरज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

पड़ोसियों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने धीरज को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी सिद्धार्थ मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग जैसा प्रतीत हो रहा है। आरोपी को अपनी बहन के प्रेम संबंध पर आपत्ति थी। परिजनों ने भी इस रिश्ते को मंजूरी नहीं दी थी, जिससे घर में तनाव बना हुआ था।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर लिए गए हैं। मृतक के शव का पीएम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।यह घटना एक बार फिर समाज में प्रेम संबंधों को लेकर मौजूद कट्टर मानसिकता की ओर इशारा करती है, जहां परिवार की “इज्जत” के नाम पर किसी की जान ले लेना अब भी जारी है।

Share this

You may have missed