अंबिकापुर में जमीन की फर्जी एग्रीमेंट से 78 लाख की ठगी! मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Share this
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर लाखों की ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फर्जी एग्रीमेंट दस्तावेज तैयार कर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी निकुंज गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था।
कैसे किया गया करोड़ों का खेल
सत्तीपारा निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2020 में अपने सेवानिवृत्त पति के साथ वह फार्म हाउस व मकान बनाने के लिए जमीन खोज रही थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात दत्ता कॉलोनी निवासी निकुंज गुप्ता से हुई।
आरोपी ने उन्हें रॉयल पार्क कॉलोनी के पीछे 10 डिसमिल भूमि दिखाते हुए बताया कि जमीन मालिक अनिल अग्रवाल इसे अपनी बहन के कैंसर इलाज के लिए बेचना चाहता है। भरोसा दिलाकर उसने महिला से जमीन का सौदा 2,10,000 रुपये प्रति डिसमिल में तय कराया।
इसके बाद आरोपी ने एग्रीमेंट कराने की बात कहकर भरोसा जीत लिया और अलग-अलग तारीखों में एडवांस राशि लेता रहा। रजिस्ट्री करवाने की बात पर वह लगातार बहाने बनाता और टालता रहा।
पीड़ित दंपति से 78 लाख 97 हजार की ठगी
महिला द्वारा मार्च 2019 तक आरोपी को 17 लाख 05 हजार रुपये दे दिए गए थे। बाद में आरोपी ने उन्हें टाईम आउट सिनेमा के पास 2 एकड़ 37 डिसमिल दूसरी जमीन खरीदने का लालच दिया और फिर से लाखों रुपये की एडवांस राशि ले ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने दो अलग-अलग जमीन दिखाकर पीड़ित दंपति से कुल 78,97,000 रुपये की ठगी की।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी निकुंज गुप्ता फोन बंद कर फरार हो गया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना गांधीनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक नवलकिशोर दुबे, साइबर सेल के प्र.आर. भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, बंधु सारथी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
