Governance News : अनाथ और निराश्रित बच्चों के पुनर्वास के लिए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल, एक्सिस बैंक और सीएसए के साथ हुआ मंथन…NV News
Share this
NV News रायपुर, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत अनाथ और निराश्रित बच्चों के सामाजिक-आर्थिक पुनर्वास, कौशल विकास और आत्मनिर्भर भविष्य के लिए एक नई राज्य स्तरीय पहल की है। मंत्री राजवाड़े ने अपने निवास कार्यालय में एक्सिस बैंक के भारत प्रमुख विजय और ‘कैटलिस्ट फॉर सोशल एसोसिएशन’ (CSA) की भारत प्रमुख सुश्री स्मिता रांधे के साथ उच्चस्तरीय चर्चा की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संस्थागत बच्चों को व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुख अवसरों से जोड़ना है।
बैठक के दौरान एक्सिस बैंक के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के माध्यम से बाल देखरेख संस्थाओं में आधुनिक तकनीकी सुविधाएं, डिजिटल प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि सामुदायिक और संस्थागत सहयोग से अनाथ बच्चों के पुनर्वास की यह योजना पिछले एक वर्ष से प्रदेश के 5 जिलों में सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। अब इसकी सफलता को देखते हुए इसका विस्तार राज्य के सभी जिलों में करने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार का प्राथमिक लक्ष्य इन बच्चों को केवल आश्रय प्रदान करने तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने के योग्य बनाना है। उन्होंने बताया कि कॉरपोरेट क्षेत्र और सामाजिक संस्थाओं के साझा प्रयास से बच्चों के समग्र विकास को गति मिलेगी। बैठक में एक्सिस बैंक के सीएसआर प्रभारी, क्षेत्रीय प्रबंधक, संचालक दीपेश, राज्य प्रमुख जिनेश सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

