‘टीम प्रहरी’ का बुलडोजर; क्रेन से उठाए ठेले-गुमटियां, दुकानों के बाहर सजे डमी पुतले और बोर्ड भी जब्त…NV News

Share this

NV News- Raipur राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में शुमार लाखे नगर से सुंदर नगर मार्ग को पूरी तरह सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए आज ‘टीम प्रहरी’ ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस कमिश्नर और जिला कलेक्टर के आदेश पर नगर निगम, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने इस पूरे वीआईपी मार्ग पर सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस संयुक्त टीम में एएसपी यातायात, नगर निगम अपर आयुक्त, जोन कमिश्नर सहित भारी संख्या में पुलिस बल और निगम का अमला शामिल था। टीम ने सड़क और फुटपाथ को घेरकर यातायात बाधित करने वाले कब्जाधारियों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कड़ा रुख अपनाया।

इस ताबड़तोड़ अभियान के तहत सड़क किनारे अवैध रूप से सजाए गए लगभग 6 ठेलों और गुमटियों को क्रेन की मदद से जब्त किया गया। इसके साथ ही राहगीरों के पैदल चलने वाले रास्ते को जाम करने वाले दुकानों के बाहर रखे 10 डमी पुतलों और यातायात को प्रभावित कर रहे 12 विज्ञापन बोर्डों को भी मौके से उखाड़कर जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने कार्रवाई के साथ-साथ सभी दुकानदारों को कड़े लहजे में अंतिम चेतावनी दी है कि वे अपनी दुकानों की सीमा के भीतर ही सामान रखें। यदि दोबारा सड़क पर कब्जा पाया गया, तो बिना किसी पूर्व सूचना के सामान की जब्ती के साथ भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा।

प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस ‘टीम प्रहरी’ अभियान से लाखे नगर से सुंदर नगर मुख्य मार्ग का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आया और सड़क काफी चौड़ी व साफ दिखी। संयुक्त टीम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल आज तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शहर के अन्य व्यस्त मार्गों को भी जाम मुक्त बनाने के लिए ‘टीम प्रहरी’ का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और रोजाना सफर करने वाले हजारों राहगीरों ने राहत की सांस ली है।

Share this

You may have missed