नक्सल प्रभावित तर्रेम में खुली बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा; वित्त मंत्री ने किया वर्चुअल शुभारंभ, सीएम बोले- शांति और विकास का नया प्रतीक बन रहा बस्तर…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में विकास और बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार को एक और नई दिशा मिली है। कभी धुर नक्सल प्रभावित और संवेदनशील माने जाने वाले बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम तर्रेम में बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) की नई शाखा का वर्चुअल माध्यम से औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने इस नई शाखा का विधिवत शुभारंभ किया। सुरक्षा और विकास की दृष्टि से अति-संवेदनशील रहे तर्रेम में इस बैंक शाखा का खुलना बस्तर में बदलते हालातों की एक बड़ी तस्वीर पेश करता है।

तर्रेम में नई शाखा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर अब केवल संघर्ष का नहीं, बल्कि शांति, विश्वास और चहुंमुखी विकास का नया प्रतीक बन रहा है। उन्होंने कहा कि अंदरूनी क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं और वित्तीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित होने से स्थानीय ग्रामीणों का लोकतंत्र और प्रशासनिक व्यवस्था पर भरोसा और अधिक मजबूत होगा। बस्तर संभाग में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा लगातार ठोस प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत पिछले ढाई वर्षों के भीतर इस सुदूर वनांचल क्षेत्र में खुलने वाली यह 31वीं नई बैंक शाखा है।

इस नई बैंक शाखा के क्रियाशील होने से तर्रेम और उसके आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को अब वित्तीय लेनदेन के लिए मीलों दूर जिला मुख्यालय या अन्य कस्बों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्थानीय आदिवासियों, किसानों, छोटे व्यापारियों और युवाओं को अब सीधे तौर पर सरकारी योजनाओं का लाभ, पेंशन भुगतान, कृषि ऋण और अन्य जरूरी बैंकिंग सुविधाएं उनके अपने गांव में ही आसानी से मिल सकेंगी। सरकार के इस कदम से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भारी बढ़ावा मिलेगा और बस्तर के सुदूर क्षेत्रों में मुख्यधारा के विकास की गति और अधिक तेज होगी।

Share this

You may have missed