महायुद्ध की आहट: अमेरिका और इसराइल का ईरान पर ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’; तेहरान में भीषण धमाके, परमाणु ठिकानों को बनाया निशाना…NV News

Share this

तेहरान/वाशिंगटन: शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई प्रमुख शहर जोरदार धमाकों से दहल उठे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले की पुष्टि करते हुए इसे “मेजर कॉम्बैट ऑपरेशन” करार दिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कहा कि यह कार्रवाई ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने और उसके मिसाइल ठिकानों को नष्ट करने के लिए की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, पहला हमला तेहरान के मध्य इलाके में स्थित सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के कार्यालय के पास हुआ है। इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने इसे ‘प्रिवेंटिव स्ट्राइक’ (निवारक हमला) बताते हुए देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है।

इस हमले के बाद ईरान ने भी कड़ी जवाबी कार्रवाई का एलान किया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि “हमलावरों को अपने किए पर पछतावा होगा।” जवाबी कार्रवाई में ईरान ने उत्तरी इसराइल और कतर स्थित अमेरिकी एयरबेस (Al Udeid) की ओर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), बहरीन और कतर ने सुरक्षा कारणों से अपना हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद कर दिया है। अबू धाबी और रियाद में भी मिसाइलें इंटरसेप्ट किए जाने के बाद धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में युद्ध फैलने का खतरा बढ़ गया है।

मानवीय क्षति की बात करें तो दक्षिणी ईरान के मिनाब में एक गर्ल्स स्कूल पर हुए हमले में 5 छात्राओं की मौत की खबर है, जो इस ऑपरेशन में पहली नागरिक हताहत बताई जा रही हैं। भारतीय दूतावास ने ईरान और इसराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए ‘कड़ी एडवाइजरी’ जारी की है, जिसमें उन्हें घरों के अंदर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। एयर इंडिया और इंडिगो जैसी एयरलाइंस ने खाड़ी देशों की अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय अब इस बात को लेकर डरा हुआ है कि यह संघर्ष कहीं तीसरे विश्व युद्ध (World War 3) की शुरुआत न बन जाए।

Share this