चोरों का आतंक: आधी रात छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश, 8 CCTV कैमरों में कैद हुई बेखौफ वारदात…NV News
Share this
NV News- डोंगरगढ़: शहर के हृदय स्थल बुधवारी पारा इलाके में बीती आधी रात हुई चोरी की कोशिश ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। वार्ड क्रमांक 15 स्थित डॉ. सचदेव वाली गली में दो अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। इस पूरी घटना ने डोंगरगढ़ शहर की रात्रि सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। चोरों की यह हरकत इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवारी पारा निवासी दिनेश कुमार साहू के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। शातिर चोर छत के रास्ते घर के भीतर दाखिल हुए। चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात से जुड़े अब तक 8 CCTV फुटेज सामने आ चुके हैं। इन फुटेज में दो संदिग्ध बदमाश बिना किसी डर के गली में घूमते और घर की रेकी करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वे बड़ी आसानी से छत पर चढ़कर घर के अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार और मोहल्ले वासियों ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच इस तरह की घटना होना सुरक्षा में बड़ी चूक है और उन्होंने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।

