NEET Paper Leak: केरल से आए एक ‘गेस पेपर’ ने खोल दी पेपर लीक की पोल, सीकर के हॉस्टल संचालक ने किया बड़ा खुलासा…NV News
Share this
NV News- जयपुर: मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) के पेपर लीक मामले में एक बेहद नाटकीय मोड़ सामने आया है। इस पूरे घोटाले का पर्दाफाश राजस्थान के सीकर में हॉस्टल चलाने वाले एक व्यक्ति और उनके बेटे के जरिए हुआ। मामले की जड़ें केरल से जुड़ी हैं, जहाँ MBBS की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने अनजाने में अपने पिता को वह ‘गेस पेपर’ भेजा, जो असल में NEET का असली प्रश्नपत्र निकला। इस खुलासे के बाद हड़कंप मच गया और अंततः पूरी परीक्षा रद्द कर मामले की जाँच CBI को सौंप दी गई।
विशेष जांच दल (SOG) के सूत्रों के अनुसार, यह पूरी घटना 2 मई की रात करीब 11 बजे शुरू हुई। केरल में पढ़ रहे छात्र को सीकर में रहने वाले एक दोस्त ने PDF फॉर्मेट में एक ‘गेस पेपर’ भेजा था। छात्र ने सोचा कि यह उसके पिता के हॉस्टल में रह रहे NEET अभ्यर्थियों के काम आ सकता है, इसलिए उसने इसे अपने पिता को फॉरवर्ड कर दिया। छात्र ने मैसेज में लिखा था कि यदि कोई छात्र परीक्षा की तैयारी कर रहा हो, तो यह पेपर उसकी मदद कर सकता है।
पिता-पुत्र को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिसे वे सामान्य ‘गेस पेपर’ समझ रहे हैं, वह कुछ ही घंटों बाद होने वाली नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) का लीक पेपर है। जब परीक्षा के बाद मिलान किया गया, तो प्रश्नपत्र हूबहू वही निकले। इस इनपुट ने जांच एजेंसियों को लीक के बड़े नेक्सस तक पहुँचा दिया। इस खुलासे ने न केवल परीक्षा की शुचिता पर सवाल खड़े किए, बल्कि देश भर के लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित करने वाले एक बड़े संगठित अपराध का चेहरा भी बेनकाब कर दिया।

