बीईओ के खिलाफ शिक्षकों का हल्लाबोल; रिश्वतखोरी और अनियमितता का आरोप लगा दफ्तर का घेराव…NV News
Share this
NV News – महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शिक्षा विभाग के भीतर भ्रष्टाचार को लेकर शिक्षकों का आक्रोश फूट पड़ा है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) पर रिश्वत मांगने और गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए शिक्षक संघों ने लामबंद होकर कार्यालय का घेराव कर दिया। शिक्षकों का सीधा आरोप है कि बीईओ द्वारा विभागीय कार्यों के बदले अवैध उगाही की जा रही है, जिससे शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है।
शिक्षकों ने प्रदर्शन के दौरान बताया कि एरियर भुगतान, समयमान वेतनमान और चिकित्सा देयकों जैसे मौलिक अधिकारों के लिए भी उनसे रिश्वत की मांग की जाती है। जो शिक्षक पैसे देने से मना करते हैं, उनकी फाइलों को जानबूझकर लटका दिया जाता है या उन्हें अकारण नोटिस जारी कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। शिक्षकों ने बीईओ की कार्यशैली को तानाशाही बताते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल निलंबन की मांग उठाई।
हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। शिक्षक संगठनों ने जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही दोषी अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन और तालाबंदी के लिए मजबूर होंगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है, जिसके बाद शिक्षकों ने धरना समाप्त किया, हालांकि तनाव अब भी बरकरार है।
