टाटीबंध में नए स्वरूप में शुरू हुआ RRR सेंटर: विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने किया लोकार्पण, जरूरतमंदों को मिलेगा अनुपयोगी सामान…NV News

Share this

NV News- स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत रायपुर को एक और बड़ी सौगात मिली है। नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 8 के तहत शहीद भगत सिंह वार्ड (क्रमांक 21) में टाटीबंध एम्स अस्पताल के सामने स्थित निगम उद्यान परिसर में नए स्वरूप वाले आरआरआर (RRR- रिड्यूज, रीयूज, रीसायकल) सेंटर का भव्य शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का लोकार्पण रायपुर पश्चिम के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत, रायपुर महापौर मीनल चौबे, निगम आयुक्त संबित मिश्रा और स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष व स्थानीय पार्षद गायत्री सुनील चंद्राकर की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस केंद्र की शुरुआत से शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) को एक नई दिशा मिलेगी।

इस नए स्वरूप वाले आरआरआर सेंटर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके संचालन की जिम्मेदारी ‘मां शीतला महिला स्व-सहायता समूह’ को सौंपी गई है, जिससे स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर केंद्र में महिलाओं के लिए सिलाई मशीनों की व्यवस्था की गई है, जहां वे प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। इसके अलावा, केंद्र में बर्तन बैंक, झोला बैंक और अलग-अलग वार्डों से पुराने कपड़े, जूते-चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बर्तन और प्लास्टिक जैसी अनुपयोगी वस्तुएं एकत्र करने के लिए नगर निगम द्वारा एक समर्पित वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। यह वाहन जोन के सभी 7 वार्डों से अनुपयोगी सामान इकट्ठा करेगा, जिसे मरम्मत कर जरूरतमंदों को दिया जाएगा।

लोकार्पण के अवसर पर महापौर मीनल चौबे ने आरआरआर की अवधारणा को समझाते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य कचरे को स्रोत पर ही कम करना, वस्तुओं का पुन: उपयोग बढ़ाना और सर्कुलर इकॉनमी को मजबूत करना है। जो सामग्री दोबारा इस्तेमाल के लायक नहीं होगी, उसे स्व-सहायता समूह की महिलाएं थैले या झोले बनाकर नए उपयोगी उत्पादों में बदलेंगी। महापौर ने रायपुर वासियों से अपील की है कि आगामी विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून 2026) के मौके पर सभी नागरिक अपने घरों की अनुपयोगी वस्तुओं को इस सेंटर में दान करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाई जा सके।

Share this

You may have missed