स्वच्छ सर्वेक्षण 2026: रायपुर में भजन-कीर्तन के जरिए स्वच्छता का अनोखा संदेश, निगम जोन 8 ने छेड़ा महा-अभियान…NV News

Share this

NV News- रायपुर नगर पालिक निगम के स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 अभियान के तहत आज जोन 8 की टीम ने एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल की। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड क्रमांक 19 स्थित झगरहीन तालाब के समीप निगम के सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों ने भजन-कीर्तन के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया। जोन अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ठाकुर, जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता श्री अतुल चोपड़ा के निर्देशन में हुए इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संगीत और भक्ति के जरिए नागरिकों के मन में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच पैदा करना था, ताकि शहर की सुंदरता बरकरार रहे।

स्वास्थ्य अधिकारी श्री गोपीचंद देवांगन, स्वच्छता निरीक्षक श्री रितेश झा और श्री राकेश बंजारे ने नागरिकों को 1 अप्रैल 2026 से प्रभावशील नवीन ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’ के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान ‘चार डिब्बा प्रणाली’ को मुख्य केंद्र में रखा गया, जिसके तहत कचरे को सूखा (नीला), गीला (हरा), सेनेटरी (लाल) और विशेष देखभाल योग्य (काला) डस्टबिन में पृथक-पृथक कर सफाई मित्रों को देने का आग्रह किया गया। निगम ने जोर देकर कहा कि कचरे का सही अलगाव ही रायपुर को एक स्वच्छ राजधानी बनाने की दिशा में सबसे बड़ा कदम है।

कार्यक्रम के दौरान खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते पाया जाता है, तो उस पर व्यवस्था सुधारने हेतु जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम जोन 8 ने अंत में सभी नागरिकों से विनम्र अपील की है कि वे इस अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और घर का कचरा हमेशा कचरा वाहन को ही दें। जन-सहयोग से ही शहर को कचरा मुक्त और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।

Share this