विधायक रामकुमार टोप्पो और समर्थकों पर गंभीर आरोप: नायब तहसीलदार से मारपीट और कपड़े फाड़ने का दावा, प्रशासनिक अमले में आक्रोश..NV News
Share this
NV News- अंबिकापुर: सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील कार्यालय में बुधवार को हुए एक हाईप्रोफाइल विवाद ने छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। सीतापुर विधानसभा सीट से विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके सहयोगियों पर ऑन-ड्यूटी नायब तहसीलदार तुषार मणिक के साथ न सिर्फ बदसलूकी और गाली-गलौज करने, बल्कि उनके साथ मारपीट करने और उनके कपड़े तक फाड़ देने का बेहद गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद से राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, विधायक रामकुमार टोप्पो अपने कुछ समर्थकों के साथ किसी प्रशासनिक काम या जमीन संबंधी विवाद के सिलसिले में राजापुर उप तहसील कार्यालय पहुंचे थे। दफ्तर के भीतर किसी बात को लेकर विधायक और नायब तहसीलदार तुषार मणिक के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि विधायक के समर्थक उग्र हो गए। आरोप है कि जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में ही शासकीय सेवक पर हमला कर दिया गया और उनके साथ जमकर झूमाझटकी की गई, जिसमें अधिकारी के कपड़े फट गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही राजस्व अमले और स्थानीय पुलिस महकमे के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पीड़ित नायब तहसीलदार ने मामले की लिखित शिकायत उच्च अधिकारियों और पुलिस से की है, जिसके बाद शासकीय कार्य में बाधा डालने और लोक सेवक पर हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर, इस घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई न होने पर काम बंद कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

