बिलासपुर में सनसनी: प्रेमी के साथ रहने आई युवती की संदिग्ध मौत, घर छोड़ने के 3 दिन बाद रोशनदान से लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस…NV News

Share this

बिलासपुर: न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। अपने घर और परिवार को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने पहुंची एक युवती की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि मृतिका महज तीन दिन पहले ही अपने प्रेमी के पास रहने आई थी, लेकिन शनिवार को उसका शव कमरे के रोशनदान से फंदे पर लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मृतिका के परिजनों ने प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, युवती और युवक के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था। तीन दिन पहले युवती ने अपने परिजनों के खिलाफ जाकर प्रेमी के साथ रहने का फैसला किया था। शनिवार की सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तब इस अनहोनी का पता चला। रोशनदान से लटके शव को देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) की टीम और पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।

मृतिका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने युवक पर प्रताड़ना और हत्या का शक जताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और भी उलझ गया है। सिविल लाइन पुलिस मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।

Share this