Crime News: विवाहिता की मौत के मामले में प्रेमी गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ में सामने आई वारदात की वजह…NV News

Share this

NV News रायपुर। माना थाना क्षेत्र में विवाहिता राजकुमारी साहू की पेट्रोल डालकर आग लगाए जाने के मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी वीरू धीवर (26) को गिरफ्तार किया है। गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात स्वीकार की है।

शादी को लेकर था विवाद, पुलिस के सामने बताई वजह

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह राजकुमारी से शादी करना चाहता था। महिला के अन्य लोगों से संपर्क को लेकर भी वह नाराज था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने महिला को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। हालांकि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।

एयरपोर्ट के पीछे सुनसान रास्ते पर हुई घटना

पुलिस के अनुसार घटना के दिन आरोपी राजकुमारी को माना एयरपोर्ट के पीछे निर्माणाधीन और सुनसान रास्ते की ओर ले गया था। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर महिला को आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।

महिला को आग की लपटों में देखकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। आसपास के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। राजकुमारी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

2021 में भी दर्ज हुआ था गंभीर मामला

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2021 में वीरू धीवर के खिलाफ राजकुमारी की सास पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में उसे जेल जाना पड़ा था। पुलिस के मुताबिक जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this

You may have missed