दक्षिण विधायक सुनील सोनी हिंदू हाई स्कूल के शाला प्रवेशोत्सव में हुए शामिल…NV News
Share this
NV News: रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम रायपुर के जोन 4 के पंडित भगवतीचरण शुक्ल वार्ड क्रमांक 57 (बैरन बाजार) स्थित हिंदू हाई स्कूल में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने स्कूल पहुंचकर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में नगर निगम एमआईसी सदस्य व वार्ड पार्षद अमर गिदवानी और पूर्व पार्षद एवं शाला विकास समिति अध्यक्ष हेमलता चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
विधायक सुनील सोनी ने छात्रों को नए शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और देश-प्रदेश का गौरव बढ़ाने का संकल्प दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं से भी बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर उन्हें राष्ट्र हित में श्रेष्ठ नागरिक बनाने की अपील की। शाला प्रवेशोत्सव के इस विशेष दिन पर विद्यार्थियों को सर्व शिक्षा अभियान के तहत निःशुल्क पुस्तकें भी प्रदान की गईं।
सरस्वती योजना के अंतर्गत स्कूल की छात्राओं को विधायक द्वारा साइकिलें वितरित की गईं। इसके बाद स्कूल परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अमर गिदवानी, हेमलता चंद्राकर, स्कूल प्राचार्य, सांसद व विधायक प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों के साथ मिलकर आम का पौधा रोपा गया। विधायक ने सभी शिक्षकों और बच्चों से रोपे गए पौधों के वृक्ष बनने तक उनकी समुचित देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

