पुलिस का महाऑपरेशन: ड्रोन कैमरों की नजर में कवर्धा का अटल आवास, SP के नेतृत्व में सुबह-सुबह भारी पुलिस बल ने दी दबिश!..NV News
Share this
NV News Kabirdham: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम (कवर्धा) जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अवैध गतिविधियों और नशे के काले कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बुधवार सुबह-सुबह एक बड़ी और निर्णायक छापामार कार्रवाई की है। कवर्धा जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम घुघरीखुर्द में स्थित अटल आवास पिछले लंबे समय से असामाजिक तत्वों का डेरा और अवैध धंधों का मुख्य केंद्र बना हुआ था। इस बात की लगातार मिल रही शिकायतों और खुफिया इनपुट के बाद, कबीरधाम पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मेंद्र सिंह स्वयं दल-बल के साथ मैदान में उतरे और सुबह तड़के ही पूरे अटल आवास परिसर की घेराबंदी कर दी।
इस बड़े पुलिस ऑपरेशन की सबसे खास बात यह रही कि कार्रवाई को पूरी तरह से फुलप्रूफ और पारदर्शी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जब भारी पुलिस बल ने परिसर में दबिश दी, तो उस दौरान पूरे रिहायशी इलाके और संदिग्ध ठिकानों की निगरानी आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए की गई, ताकि कोई भी संदेही या अपराधी पुलिस को देखकर भागने में कामयाब न हो सके। पुलिस की इस अचानक हुई महा-कार्रवाई से पूरे अटल आवास क्षेत्र में हड़कंप मच गया और संदिग्ध लोग अपनी जान बचाकर भागने के रास्ते तलाशते नजर आए।
कबीरधाम पुलिस के अनुसार, अटल आवास में लंबे समय से गांजा, शराब, नशीली दवाइयों की बिक्री और अन्य संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचनाएं मिल रही थीं, जिससे आस-पास के आम नागरिकों और ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया था। पुलिस की विभिन्न टीमों ने आज सुबह कई संदिग्ध घरों और ठिकानों की बारीकी से तलाशी ली है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध नशा और आपराधिक कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस द्वारा पकड़े गए संदिग्धों, जब्त माल और दर्ज मामलों की विस्तृत जानकारी जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

