‘ऑपरेशन बाज’: एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी मुहिम, लोरमी इलाके में पुलिस का शिकंजा…NV News

Share this

NV News मुंगेली/लोरमी, 2 जुलाई 2026। मुंगेली जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के सख्त तेवरों के बाद मुंगेली पुलिस ने नशे के अवैध व्यापार, अवैध शराब और गांजे की अंतरराज्यीय व स्थानीय तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ “ऑपरेशन बाज” का शंखनाद कर दिया है। कप्तान के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्धों और नशा तस्करों पर पैनी नजर रखते हुए कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्रीमती नवनीत कौर छाबड़ा के कुशल मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक (DSP) लोरमी श्री हरविंदर सिंह के जमीनी नेतृत्व में लोरमी थाना पुलिस की टीम पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस की विशेष टीमें बनाकर लोरमी और आस-पास के सीमावर्ती अंचलों में लगातार दबिश दी जा रही है, जिससे नशा तस्करों और अवैध शराब का परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि “ऑपरेशन बाज” का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से बचाना और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। इस अभियान के तहत न सिर्फ छोटे पैडलर्स (सप्लायर्स) बल्कि नशे के इस काले कारोबार के मुख्य सरगनाओं को भी बेनकाब कर जेल भेजने की तैयारी कर ली गई है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आस-पास किसी भी प्रकार की अवैध शराब बिक्री या गांजा तस्करी की गतिविधि संचालित हो रही हो, तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाने को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।

Share this

You may have missed